Thursday, August 15, 2013

कौन ?

कौन ?
खट खट खट खट,
  कौन है व्दार पर ?
                      प्रियतमा तुम्हारी ।
हा ȿ हा ȿ हा ȿ
 यह नीरस जीवन एकाकी
  बहुत कठिन है, बहुत जटिल है।
         नहीं रूपसी लौट जाओ तुम।
'' प्रियतम मेरे, बस दो पल----''
   इस कठोर जीवन के पथ पर
    साथ निभाया किसने पल भर ?
     जो भी आया बोझ बटाने थोढ़ी
        पीड़ा और बढ़ी दी। अब तो जीवन
         का यह व्दार बंद है चिर काल तक ।
''मेरे अपने समझो मुझको
 आस नही है किसी चाह की,
  मै आई हूं प्यार निभाने जीवन
   की इस कंटीली राह पर। जब भी
     होगे तुम निराश या कुछ उदास,
       भर दूंगी मधुरिमा ह्रदय मे
        सिन्चित हो अधरामृत से
           बढ़ना आगे। जब भी थक
 जाओ तुम जीवन की संग्राम मे।
    आजाना मेरी बाहों मे थोड़ा सो
      लेना, फिर उठकर नये जोश से
   आजाना जीवन के इस संर्घष मे।''
ओह कैसा था नशीला शैथिल्य जो
   प्राण को भी मानो उसने सुलाया
    चाह कर भी मै हा कुछ कर न पाया।
     और आज  ?  ?
        निर्वासित हूं मै अपने ही राज्य मे।
             वह दो  पल की याचक बैठी है
 अधिकार जमाकर पूरे मानस पर।
   कहीं न कोइ किरण पहुंच पाये अंदर,
     या न कहीं आलोक ज्ञान का आजाए। इसीलिये
  तो सांपिन कृष्णा बैठी है फैला कर अपनी पांखे,
     मानो तम की चादर मे चांद सितारे टके हुए हों ।
और मै सम्राट खड़ा हूं बेबस,  
   याचक सा अपने ही राज्य मे ।










परिवर्तन

 परिवर्तन
अपने घुटे घुटे कमरे के,
  दरवाजों और खिड़कियों को
    मैने और भी कस कर
     बंद कर लिया, और बल्ब पर
       रंगीन कागज़ लपेट कर कहा,
         मेरे का रंग पीला है, हवा मे
           सीलन है, फर्श कुछ गीला है।
             दीवालों पर प्लास्टर नही है
                पर, हां मकड़ी के जाले हैं।
   सिगरेट का धुआं है और,
      कुछ टूटे हुए प्याले हैं।।
        यानि कि मेरे सपनो पर
                      मेरी हर एक ख़ुशी पर
                                   किस्मत के ताले हैं ।
पर तभी मेरी बेटी ने कहा
 पापा ज़रा खिड़की तो खोलो.
    नयी हवा को तो आने दो
      किरणों को मुस्कराने दो,
 ज़रा सूरज से तो बोलने दो।
   इस कमरे के बाहर भी तो,
     इतनी बड़ी खुली दुनिया है,
       बाग़ हैं, उपवन हैं, फूल हैं
  तितलियां हैं, कोयल है, तोता है
     कमरे के बाहर ही यह सब कुछ होता है।।
कमरे मे तो न जाने कब से बंद हो

  चलो पापा, ज़रा बाहर निकलें, कुछ घूम आएं।।